Accident News: शादी समारोह से लौट रहे दंपती को ट्रक ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत

पाली। जिले के सदर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति के सामने पत्नी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दंपती एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार हादसा रामासिया गांव के निकट हुआ। दुर्घटना में खौड़ गांव निवासी 45 वर्षीय सुखीदेवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति 55 वर्षीय मांगीलाल घायल हो गए। घायल को तत्काल उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दंपती रिश्तेदारी में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय रामासिया गांव के पास उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक द्वारा बाइक को पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है। हादसे के बाद ट्रक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।