बीकानेर: कुंड में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर: नोखा थाना क्षेत्र के सिंधु गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पानी के कुंड में डूबने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सिंधु निवासी रामस्वरूप मेघवाल (50) पुत्र बेगाराम घर से निकले थे, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव की गौशाला परिसर में बने पानी के कुंड में एक शव दिखाई देने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान रामस्वरूप के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुंड से बाहर निकलवाकर नोखा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के मुताबिक रामस्वरूप पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी कारणवश कुंड में गिर गए, जिससे डूबने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।