राजस्थान: नीट री-एग्जाम से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई,  टेलीग्राम पर बोगस पेपर बेचता युवक गिरफ्तार

post 766 (1)

राजस्थान। नीट री-एग्जाम से पहले भीलवाड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम के जरिए फर्जी प्रश्नपत्र बेचने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीपीएन (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का उपयोग कर प्रतिबंध के बावजूद टेलीग्राम संचालित कर रहा था और ऑनलाइन बोगस पेपर बेचने का प्रयास कर रहा था।

पुलिस अधीक्षक सागर राणा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि री-नीट परीक्षा से संबंधित फर्जी प्रश्नपत्र सोशल मीडिया के माध्यम से बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर प्रतापनगर थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में गठित टीम ने पटेल नगर स्थित एक मकान पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आकाश चौधरी नामक युवक को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि वह टेलीग्राम के माध्यम से कथित तौर पर फर्जी प्रश्नपत्र बेच रहा था। पुलिस ने उसके बैंक खाते की जांच की, जिसमें 18 हजार रुपये का लेनदेन सामने आया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विदेशी नेटवर्क की मदद से वीपीएन के जरिए टेलीग्राम चला रहा था। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा कारणों से टेलीग्राम ऐप पर 22 जून तक प्रतिबंध लगाया हुआ है।

इधर, 21 जून को होने वाले नीट री-एग्जाम को लेकर राजस्थान सरकार पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में परीक्षा तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

राज्य के सभी जिला कलक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, अफवाह फैलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

राजस्थान के 27 जिलों में 611 परीक्षा केंद्रों पर करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी नीट री-एग्जाम में शामिल होंगे। जयपुर में सबसे अधिक 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सीकर में 102 और कोटा में 92 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी।