बीकानेर: घर पर पेट्रोल बम फेंकने और जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। नयाशहर थाना पुलिस ने नत्थूसर गेट के बाहर एक मकान पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने और जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में नत्थूसर गेट के बाहर निवासी विजय कुमार सियोता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 22 मई की रात करीब 12:30 बजे मोंटू, विकास, मनोज, अमित, पूनमचंद और सुनील सहित 5 से 7 युवक बाइक पर सवार होकर उनके घर पहुंचे।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों के हाथों में गंडासे, तलवारें, सरिए और पेट्रोल से भरी बोतलें थीं। आरोपियों ने बोतल में आग लगाकर घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल बम फेंका, जिससे जोरदार धमाका हुआ और दरवाजे सहित घर के भीतर आग लग गई। इस दौरान बदमाशों ने जानलेवा हमला भी किया।
एसएचओ कविता पूनिया ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव नगर निवासी विनीत गोयल उर्फ मोंटू (22) और नत्थूसर बास निवासी दुष्यंत कुमार तंवर (22) के रूप में हुई है।
पुलिस अन्य नामजद और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।