Road Accident: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, दंपति की मौत

post 765 (1)

Road Accident: श्रीगंगानगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दंपति की मौत हो गई। पदमपुर लौटते समय दंपति की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा रत्तेवाला गांव के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, पदमपुर क्षेत्र के 1-जेजे गांव निवासी लखबीर सिंह अपनी पत्नी निर्मल कौर के साथ श्रीगुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद दवाई लेने के लिए श्रीगंगानगर गए थे।

शाम को दोनों कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रत्तेवाला के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लखबीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी निर्मल कौर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की भी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।