बीकानेर: घर से निकले व्यक्ति का शव खेजड़ी के पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

बीकानेर। नोखा थाना क्षेत्र के रोही पारवा इलाके में एक व्यक्ति का शव खेजड़ी के पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार रासीसर बड़ा निवासी रमेश ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि उनके पिता हरिकिशन 16 जून को दोपहर करीब 3 बजे मोबाइल फोन लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उनका शव रोही पारवा क्षेत्र में एक खेजड़ी के पेड़ से लटका मिला।
घटना की सूचना पर नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।