Accident News: हाईमास्ट पोल से टकराकर पलटी स्लीपर बस, 13 यात्री घायल, पांच की हालत गंभीर

post 746 (1)

भरतपुर। जिले के हलैना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जयपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हाईमास्ट पोल से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही हलैना थाना पुलिस, हाईवे सेफ्टी टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल हलैना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हलैना थाने के एएसआई रामू सिंह ने बताया कि हादसा बुधवार देर रात हुआ। बस जयपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हलैना क्षेत्र में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस हाईमास्ट पोल से टकराकर पलट गई।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बचाव दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु कराया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटवाया।

प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। बस चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।