Road Accident: चलती बाइक के पहिए में फंसी चुन्नी, सड़क पर गिरने से महिला की मौत

चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़-उदयपुर हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला की चुन्नी बाइक के पिछले पहिए में फंस गई, जिससे वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी।
भदेसर थाना पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पालेर निवासी प्रियंका पुत्री रामेश्वर लाल सेन के रूप में हुई है। वह अपने परिचित कालूलाल निवासी अम्बाबेरी के साथ बाइक से सांवरियाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। सुखवाड़ा गांव के समीप होडा चौराहा से पहले एक होटल के पास अचानक उसकी चुन्नी बाइक के पहिए में फंस गई।
चुन्नी खिंचने से प्रियंका सड़क पर सिर के बल गिर गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी। घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में जांच के दौरान मृतका के गले पर पर्स की पट्टी के निशान भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हादसे के दौरान पर्स की बेल्ट भी गर्दन में उलझकर खिंच गई थी।
पुलिस ने बताया कि प्रियंका पिछले कुछ समय से अपने पीहर पालेर में रह रही थी। सूचना मिलने पर भदेसर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। मृतका के भाई प्रकाश सेन की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।