बीकानेर: जांच में ढिलाई करना आईओ को पड़ा भारी, पढ़े ये खबर

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र के डीडू सिपाहियान मोहल्ले में हुए चाकूबाजी प्रकरण की जांच में कथित लापरवाही बरतने पर पुलिस प्रशासन ने संबंधित जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की है। मामले की जांच कर रहे एएसआई कोहरसिंह का तबादला कर उन्हें सीमावर्ती खाजूवाला थाने में नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले डीडू सिपाहियान मोहल्ले में हुई चाकूबाजी की घटना को लेकर नयाशहर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। एफआईआर में आरोप लगाया गया कि नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने पर मोइन खान, दानिश और सोइन खान ने इरफान अली पर चाकू, लाठियों और सरियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रकरण की जांच एएसआई कोहरसिंह को सौंपी गई थी। इस बीच पीड़ित पक्ष ने जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर जांच में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया। शिकायत के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी को नयाशहर थाने से हटाकर खाजूवाला थाने में भेज दिया।
पुलिस अब तक इस मामले में आरोपी सोइन खान को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी मोइन खान और दानिश की तलाश जारी है।