Road Accident: ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को रौंदा, हादसे का मंजर देख सहम गए लोग

post 8 (1)

जयपुर। राजधानी जयपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के नींदड़ मोड़ पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल ​दिया। हादसा इतना जबरदस्त था कि महिला का दिल निकलकर सड़क पर दूर जा गिरा और 5 मिनट तक धड़कता रहा। यह देख लोगों के रौंगटे खड़े हो गए।

सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 9 बजे नींदड़ मोड़ पर हुआ। चौमूं की ओर से जयपुर आ रहे ट्रेलर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक मां-बेटे बताए जा रहे है। हैरान कर देने वाली बात ये रही कि ट्रेलर दोनों को कुचलते हुए निकल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना बेहद दर्दनाक थी। हादसे के बाद मौके का दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। बाइक के नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर सीमेंट से लदा हुआ था और तेज गति से चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि ओवरलोड होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।

दुर्घटना के कारण सीकर-जयपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया।