Crime News: नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 516 ग्राम एमडी समेत स्मैक और अफीम का दूध बरामद

post 9 (1)

जैसलमेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जैसलमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इस संवेदनशील जिले में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में एमडी ड्रग, स्मैक और अफीम का दूध बरामद किया है। यह कार्रवाई जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) और कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हाल के वर्षों में जिले में मादक पदार्थों की यह सबसे बड़ी बरामदगी में से एक मानी जा रही है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसटी प्रभारी भीमराव सिंह के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ लेकर शहर क्षेत्र में पहुंचे हैं और सप्लाई की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की और शहर के बबर मगरा क्षेत्र स्थित माहेश्वरी सेवा सदन के पीछे संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने घेरकर रोक लिया और तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को कार से करीब 516 ग्राम एमडी ड्रग, 94.7 ग्राम स्मैक और 80 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। बरामदगी की मात्रा को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने इसे बेहद महत्वपूर्ण कार्रवाई बताया है।

मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सांगड़ थानासांगड़ थाना क्षेत्र के लखमणा गांव निवासी 27 वर्षीय जयसिंह पुत्र सवाईसिंह राजपूत और 40 वर्षीय गेनसिंह पुत्र प्रतापसिंह राजपूत के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में दोनों के मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही जीजे-18-बीके-4327 नंबर की कार को भी जब्त कर लिया है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को यह मादक पदार्थ कहां से मिला और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। अधिकारियों का मानना है कि मामले की गहन जांच से नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।