राजस्थान के पीएमश्री स्कूलों में 4,332 पदों पर भर्ती, 18 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन साक्षात्कार

post 714 (1)

सीकर। राजस्थान के हजारों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। गृह जिले में बैंक डोर एंट्री का जरिया मानी जा रही पीएमश्री स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति ऑनलाइन साक्षात्कार से होगी। चार हजार 332 पदों के लिए साक्षात्कार 18-19 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। शिक्षकों का चयन विषय ज्ञान, विभागीय योजनाओं की समझ और कार्यानुभव के आधार पर होगा।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने 50 अंकों के साक्षात्कार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जिला, मंडल और राज्य स्तरीय कमेटी का गठन किया है। साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आज ही जमा होंगे दस्तावेज, ऑनलाइन लिंक से साक्षात्कार

शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक, प्रशिक्षण और अनुभव संबंधी प्रमाण-पत्रों की सत्यापित प्रतियां संबंधित नियुक्ति अधिकारी की विभागीय ई-मेल आईडी पर मंगलवार शाम 5 बजे तक भेजनी होंगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र अभ्यर्थियों को ऑनलाइन साक्षात्कार की तिथि, समय और लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

50 अंकों का होगा साक्षात्कार

विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार साक्षात्कार में विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी के लिए 20 अंक, संबंधित विषय एवं पद से जुड़े कार्यों के ज्ञान के लिए 20 अंक तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के अनुभव के लिए 10 अंक निर्धारित किए गए हैं।

राज्य स्तरीय पदों के लिए संयुक्त या उपनिदेशक, मंडल स्तरीय पदों के लिए संयुक्त निदेशक तथा जिला स्तरीय पदों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समितियां साक्षात्कार लेंगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

  • प्राचार्य – 99 पद
  • उप प्राचार्य – 267 पद
  • व्याख्याता – 1,788 पद
  • वरिष्ठ अध्यापक – 1,053 पद
  • तृतीय श्रेणी शिक्षक लेवल-1 – 243 पद
  • तृतीय श्रेणी शिक्षक लेवल-2 – 255 पद
  • वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक – 67 पद
  • शारीरिक शिक्षा अध्यापक – 23 पद
  • पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-द्वितीय – 75 पद
  • पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-तृतीय – 72 पद
  • वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशक – 139 पद
  • बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक – 155 पद
  • वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक – 48 पद
  • प्रयोगशाला सहायक – 48 पद

शिक्षा विभाग ने प्राचार्य, उप प्राचार्य और व्याख्याताओं को प्रदेश स्तर पर तथा वरिष्ठ अध्यापक, वरिष्ठ शारीरिक शिक्षा अध्यापक, वरिष्ठ पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक और वरिष्ठ कंप्यूटर अनुदेशकों को अपने कार्यरत मंडल के दो जिलों में आवेदन की अनुमति दी थी। इससे बड़ी संख्या में शिक्षकों को गृह जिले में आवेदन करने का मौका मिला है।

हालांकि, सबसे लंबे समय से तबादलों का इंतजार कर रहे ग्रेड थर्ड शिक्षकों को यहां भी गृह जिले में वापसी का फायदा नहीं मिल सकेगा। क्योंकि नियुक्ति अधिकारी के आधार पर उनके सहित बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालय अध्यक्ष ग्रेड थर्ड और प्रयोगशाला सहायकों के लिए उनके कार्यरत जिलों में ही आवेदन की बाध्यता रखी गई थी।

पांच वर्ष तक रहेगा कार्यकाल

चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रारंभिक रूप से तीन वर्ष के लिए की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को दो वर्ष और बढ़ाया जा सकेगा। इस प्रकार चयनित शिक्षक अधिकतम पांच वर्ष तक संबंधित पीएम श्री स्कूल में सेवाएं दे सकेंगे।