Road Accident: रोडवेज बस और कार की भीषण भिडंत; चार लोगों की दर्दनाक मौत

बालोतरा। जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार सगे भाइयों की मौत हो गई। पाटौती गांव के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चारों भाई किसी कार्य से कार में सवार होकर पाटौती गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे तोड़कर चारों को बाहर निकाला। हालांकि, अस्पताल ले जाने से पहले ही चारों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।