NEET री-एग्जाम से पहले केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, टेलीग्राम पर लगाई अस्थाई रोक

post 718 (1)

नई दिल्ली। नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही 30 जून तक प्लेटफॉर्म पर मैसेज एडिट करने की सुविधा भी बंद रहेगी। यह कदम पेपर लीक और नकल से जुड़े नेटवर्क पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

नीट यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

केंद्र सरकार ने तेज की तैयारियां:-

दोबारा परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गौरतलब है कि मई में आयोजित नीट यूजी परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था।

हाल ही में कैबिनेट सचिव टी.वी. सोमनाथन ने एनटीए अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी, हस्तक्षेप या छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:-

परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए इस बार विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना की मदद से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं, स्थानीय प्रशासन के सहयोग के लिए सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती की जाएगी।

केंद्र सरकार का कहना है कि राज्य सरकारों और जिला प्रशासनों के आपसी सहयोग का मकसद दोबारा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना है।

छात्रों को मिलेगा अतिरिक्त समय:-

एनटीए ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए परीक्षा में 15 मिनट का अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। अब परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। कुल 195 मिनट की अवधि में परीक्षा से जुड़ी सभी औपचारिकताएं भी शामिल रहेंगी।

इसके अलावा, रफ वर्क के लिए प्रश्न पुस्तिका में पृष्ठों की संख्या बढ़ा दी गई है। पहले छात्रों को दो पेज उपलब्ध कराए जाते थे, जबकि इस बार चार पृष्ठ दिए जाएंगे, ताकि अभ्यर्थियों को प्रश्न हल करने में अधिक सुविधा मिल सके।