Rajasthan: शादी के चार माह बाद प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, पति ने दर्ज करवाया केस; CCTV फुटेज आया सामने

जोधपुर। राजस्थान में लुटेरी दूल्हनों द्वारा लाखों रुपए के गहने और नकदी लेकर भागने के मामले अक्सर सामने आते रहते है। लेकिन, जोधपुर में एक दुल्हन के भागने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादी के करीब चार महीने बाद एक विवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ साइकिल पर बैठकर फरार हो गई। पीड़ित पति ने इस संबंध में बनाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सारण नगर सी रोड क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बनाड थाने में दर्ज शिकायत में 30 वर्षीय अमराराम सेन पुत्र नारायणराम नाई ने बताया कि वह मूल रूप से जोधपुर ग्रामीण के पाचला खुर्द गांव का निवासी है और वर्तमान में जोराराम सारण का गोदाम गली सारण नगर सी रोड बनाड जोधपुर पूर्व में रहता है। उसका ससुराल झारखंड के दुमका जिले के करहराटाड़ हरिहरपुर गांव में है। उसकी पत्नी गुंजन सिंह 13 जून की सुबह करीब 5:20 बजे बिना किसी बताए घर से निकल गई और उसके बाद वापस नहीं लौटी।
डेढ़ लाख रुपए देकर लाया था दुल्हन:-
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक दलाल के मार्फत झारखंड से डेढ़ लाख रुपए देकर दुल्हन लाया था। विवाह के बाद उसकी पत्नी पिछले चार महीने से उसके साथ रह रही थी। अमराराम के अनुसार, शनिवार सुबह पत्नी ने उसे चाय दी और वह रोज की तरह काम पर चला गया। उसके जाने के बाद पत्नी घर से कुछ घरेलू सामान लेकर कथित प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सामने आया सीसीटीवी फुटेज:-
मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में एक युवक सड़क किनारे साइकिल के साथ खड़ा दिखाई देता है। कुछ देर बाद एक महिला तेजी से आती है और साइकिल पर बैठ जाती है। इसके बाद दोनों वहां से निकल जाते हैं। पीड़ित पति का आरोप है कि साइकिल पर दिखाई देने वाला युवक उसकी पत्नी का प्रेमी है, जो उसे अपने साथ लेकर गया। पुलिस फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।