Road Accident: तनोट माता के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार हादसे का शिकार, किशोर की मौत

post 694 (1)

जैसलमेर। तनोट माता के दर्शन कर लौट रहा बीकानेर का एक परिवार रविवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। जैसलमेर-रामगढ़ मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी कार की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार में सवार परिवार तनोट माता के दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर ट्रॉली में जा घुसा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इस दौरान वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने तत्परता दिखाते हुए अपनी निजी गाड़ी से सभी घायलों को राजकीय जवाहिर चिकित्सालय पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने नोखा निवासी 17 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पुत्र भगवानाराम को मृत घोषित कर दिया। हादसे में भगवानाराम, उनकी पत्नी यशोदा देवी, पुत्र नरेंद्र कुमार उर्फ मोनू तथा कार चालक मोहित शर्मा घायल हो गए।

घायलों में यशोदा देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर रेफर किया गया, जबकि कार चालक मोहित शर्मा को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए बीकानेर भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।