राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर से टकराई यूपी रोडवेज बस, 20 यात्री घायल

दौसा। जिले में रविवार को आगरा बाईपास पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ से जयपुर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना दौसा बाईपास स्थित तिवारी कट के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बस ट्रेलर से टकरा गई, हालांकि हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। सभी घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। अधिकांश यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया है। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे-21 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रेलर को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
गनीमत रही कि हादसा गंभीर होने के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।