दर्दनाक हादसा: बिखरे गेहूं समेट रहे श्रमिक को ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत

सूरतगढ़। श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ स्थित नई अनाज मंडी में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई। मंडी परिसर में बिखरा गेहूं एकत्र कर रहे श्रमिक को एक ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना गंभीर था कि श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वार्ड नंबर-5 निवासी 42 वर्षीय सुनील सोनी पुत्र हरिराम के रूप में हुई है। वह मंडी में ट्रकों और शेड के आसपास बिखरे गेहूं के दाने एकत्र कर अपना जीवनयापन करता था। शनिवार सुबह भी वह मंडी में एक ट्रक के आगे गिरे गेहूं को समेट रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान ट्रक चालक वाहन में बैठा और आगे की ओर ध्यान दिए बिना ट्रक स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। ट्रक की चपेट में आने से श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें पूरी घटना कैद हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।