बीकानेर: पत्नी ने पति पर किया चाकू से वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

post 674 (1)

बीकानेर। शहर में लगातार सामने आ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ दिनों में हुई कई वारदातों के बीच शुक्रवार रात एक और मामला सामने आया, जिसमें घरेलू विवाद के दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र निवासी कासिम अली पर उसकी पत्नी ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया। घटना में कासिम अली के गले पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर गुस्से में पत्नी ने घर में रखे चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

हालांकि अभी तक किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि घायल के बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में बीकानेर में चाकूबाजी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले नयाशहर और सदर थाना क्षेत्र में भी चाकूबाजी की वारदातें हुई थीं, जिनमें घायल हुए युवकों का उपचार पीबीएम अस्पताल में चल रहा है।