Road Accident: कार और बाइक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, दो युवकों की मौत

post 667 (1)

जोधपुर। झंवर थाना क्षेत्र में जोधपुर-जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा पुनियों की प्याऊ ग्राम पंचायत क्षेत्र में मेघलासिया की ओर उस समय हुआ, जब एक कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि पुनियों की प्याऊ के निकट कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही बम्बोर पुलिस चौकी प्रभारी ओमप्रकाश और झंवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

हादसे में बाइक पर पीछे बैठे हरिकिशन (23) पुत्र रूपाराम लोहार, निवासी नोखा (बीकानेर) हाल निवासी राजीव गांधी कॉलोनी, जोधपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे कन्हैयालाल (25) पुत्र तेजाराम प्रजापत, निवासी भोजपुरा, हाल निवासी सारण नगर, जोधपुर गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायल कन्हैयालाल को उपचार के लिए मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान कन्हैयालाल ने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना पर एसीपी बोरानाडा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दो युवकों की असमय मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।