Rajasthan: वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज, जून में निकलेगी लॉटरी

post 619 (1)

जयपुर। राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि आज (बुधवार) है। योजना को लेकर प्रदेशभर के बुजुर्गों में उत्साह देखा जा रहा है, लेकिन विभागीय पोर्टल पर तकनीकी समस्याओं और धीमे सर्वर के कारण आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ी समस्या देवस्थान विभाग के ऑनलाइन डैशबोर्ड को लेकर सामने आई है। पोर्टल पर वर्तमान सत्र के बजाय पिछले वर्ष के आंकड़े प्रदर्शित हो रहे हैं। फिलहाल पोर्टल पर 1,15,024 आवेदन और 1,84,015 यात्रियों का आंकड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि यह संख्या वर्ष 2025 की बताई जा रही है। ऐसे में आवेदकों के बीच भ्रम की स्थिति बनी हुई है और यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि इस वर्ष कितने आवेदन प्राप्त हुए हैं।

मंगलवार को भी दिनभर पोर्टल का सर्वर धीमा रहा, जिससे कई बुजुर्गों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। रियल टाइम डेटा उपलब्ध नहीं होने से पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

50 हजार श्रद्धालु करेंगे रेल यात्रा:-

योजना के तहत इस वर्ष 50 हजार वरिष्ठ नागरिकों को विशेष एसी ट्रेनों के माध्यम से देश के 15 प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जाएगी। इसके अलावा 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से नेपाल स्थित भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कराने की भी व्यवस्था की गई है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक तीर्थ यात्रा उपलब्ध कराना है।

जून के अंतिम सप्ताह में निकलेगी लॉटरी:-

देवस्थान विभाग के अनुसार जिलावार निर्धारित कोटे के आधार पर जून के अंतिम सप्ताह में लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित यात्रियों की तीर्थ यात्राएं जुलाई से शुरू होने की संभावना है।

इस संबंध में देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीया ने कहा कि वर्तमान आवेदन आंकड़ों की तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर प्रदर्शित आंकड़ों और नए आवेदनों की स्थिति के बारे में बाद में ही स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।