Jaipur: पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 3 श्रमिकों की मौत; 5 गंभीर रूप से झुलसे

post 604 (1)

जयपुर। राजधानी जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फैक्ट्री में रखे बारूद और तैयार पटाखों के कारण आग के दौरान लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में भी परेशानी आई।

आग के बाद फैक्ट्री परिसर से घना काला धुआं उठने लगा, जो दूर-दराज के इलाकों से भी दिखाई दिया। दमकलकर्मियों ने पानी और फोम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

हादसे के समय फैक्ट्री में कई मजदूर काम कर रहे थे। आग की लपटों में कुछ श्रमिक अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों ने फैक्ट्री के पिछले हिस्से की दीवारों को तोड़कर वेंटिलेशन बनाई और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए।

अग्निकांड में तीन श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव कार्य को प्राथमिकता दी गई और आग पूरी तरह से बुझने और सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हताहतों की वास्तविक संख्या का पता चल सका।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या बारूद के रखरखाव में लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।