हनुमानगढ़: प्याज में छिपाकर जेल पहुंचाया जा रहा था चिट्टा, तस्करी की कोशिश नाकाम

हनुमानगढ़। जिला कारागार में रसोई के सामान के जरिए नशीला पदार्थ पहुंचाने के प्रयास का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की सतर्कता से यह कोशिश नाकाम हो गई और चिट्टा (हेरोइन) बंदियों तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया गया। मामले में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां के अनुसार जिला कारागार अधीक्षक योगेश कुमार तेजी ने सूचना दी कि कुछ समय पहले दो युवक बाइक पर आए और संतरी पोस्ट पर प्याज से भरे तीन थैले छोड़ गए। उन्होंने बताया कि यह सामान जेल के लंगर के लिए है। बाद में जांच के दौरान पता चला कि यह सामग्री लंगर की नहीं थी, जिस पर संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम ने जेल परिसर पहुंचकर अधीक्षक और संतरी राकेश कुमार की मौजूदगी में थैलों की जांच की। दो थैलों में केवल प्याज थे, जबकि एक थैले में प्याज के साथ टमाटर, लहसुन और हरी मिर्च भी रखी हुई थी। तलाशी के दौरान एक प्याज पर खाकी रंग की टेप लगी मिली। उसे खोलने पर अंदर गुलाबी रंग की तीन पन्नियों में भरा संदिग्ध पदार्थ मिला।
जांच में यह पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौलने पर इसका वजन 4.95 ग्राम निकला। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर नियमानुसार सील कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात युवक नशीला पदार्थ जेल के भीतर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और कारागृह अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच महिला थाना प्रभारी रजनदीप कौर को सौंपी गई है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।