बीकानेर: नकली बीज प्रकरण में गिरफ्तार 6 आरोपियों को कोर्ट ने 5 दिन के रिमांड पर भेजा

post 589 (1)

बीकानेर। नकली बीज प्रकरण में गिरफ्तार राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर विश्नोई समेत छह आरोपियों को सोमवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बीकानेर स्थित एसीबी स्पेशल कोर्ट में पेश किया। जहां से सभी आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया।

बता दें कि एसीबी ने रविवार को जुगल किशोर विश्नोई सहित छह लोगों को हिरासत में लेकर कार्रवाई की थी। जांच के दौरान निदेशक के घर से 1.59 करोड़ रुपये नकद और उनके भांजे स्वतंत्र विश्नोई के पास से 85 लाख रुपये बरामद किए गए। अब तक कुल 2.44 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की जा चुकी है।

छह आरोपियों पर कार्रवाई:-

एसीबी ने जुगल किशोर विश्नोई को जयपुर में बी-टू बायपास स्थित अरावली अपार्टमेंट से हिरासत में लिया था। वहीं, गजराज ब्रांड से जुड़े कारोबारी किरण कापड़िया को टोंक रोड स्थित एक होटल से तथा गणपत विश्नोई को एमएलए क्वार्टर से पकड़ा गया। मामले में कथित दलाल सुनील सेतिया और सतपाल को भी गिरफ्तार किया गया था।

बस से भेजी जा रही थी नकदी:-

एसीबी को सूचना मिली थी कि रिश्वत की राशि में से 90 लाख जुगल किशोर अपने भांजे स्वतंत्र विश्नोई के जरिए श्रीगंगानगर भिजवा रहे हैं। इस पर टीम ने लूणकरणसर क्षेत्र में एक बस की तलाशी ली और स्वतंत्र से 85 लाख बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जुगल किशोर के घर से 1.59 करोड़ बरामद किए गए।

कई पहलुओं की जांच जारी:-

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नकली बीज प्रकरण में कार्रवाई को प्रभावित करने, प्रयोगशाला से नमूने पास करवाने और बीजों की बिक्री दोबारा शुरू कराने के लिए कई स्तरों पर संपर्क साधे गए थे।

हाल ही में मिली थी नियुक्ति:-

जानकारी के अनुसार जुगल किशोर विश्नोई की राजस्थान राज्य बीज निगम में निदेशक पद पर कुछ माह पहले ही राजनीतिक नियुक्ति हुई थी। बताया जा रहा है कि उनकी नियुक्ति एक पूर्व विधायक की अनुशंसा पर की गई थी। फिलहाल एसीबी मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।