Road Accident: क्रिकेट मैच देखकर लौट रहे दो युवकों की बाइक को कैंटर ने मारी टक्कर, एक की मौत

भरतपुर। जिले के नदबई क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच देखकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
मृतक के भाई चंद्रपाल ने बताया कि नदबई क्षेत्र के गांव मांझी में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन चल रहा था। रविवार को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला था, जिसे देखने के बाद गांव मांझी निवासी नरेंद्र उर्फ गुड्डू पुत्र गोपाल सिंह और गब्बर सिंह पुत्र बाबू देर रात बाइक से भरतपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान डेहरा मोड़ पुलिस चौकी के सामने उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि नरेंद्र उर्फ गुड्डू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गब्बर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल के शरीर में फ्रैक्चर आया है और उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव मांझी में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक खेती-किसानी का कार्य करते थे और मैच देखकर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
डेहरा मोड़ पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।