Rajasthan Politics: गजेंद्र सिंह शेखावत का गहलोत पर पलटवार, बोले- मैं न होता तो आपकी राजनीति खत्म हो जाती

post 587 (1)

जयपुर। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अशोक गहलोत द्वारा उन्हें “डरा हुआ आदमी” बताए जाने पर शेखावत ने सोशल मीडिया के जरिए तीखा जवाब दिया है।

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह वीर दुर्गादास राठौड़ की परंपरा के अनुयायी हैं और डर उनके स्वभाव में नहीं है। उन्होंने अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो जाने का डर सताता है, इसलिए वे लगातार उनके खिलाफ बयान देते रहते हैं। सच तो यह है कि मैं न होता, तो आपकी राजनीति ही खत्म हो जानी थी।

शेखावत ने आगे कहा कि मैं आपकी तरह किसी एक परिवार का सेवक नहीं हूं। आपका पूरा राजनीतिक जीवन पद लोलुपता और सत्ता से चिपके रहने का प्रमाण रहा है, इसलिए कम से कम आपसे मुझे किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता नहीं। आप ध्यान भटकाने की राजनीति करते रहिए, मैं जनसेवा के अपने संकल्प पर प्रतिबद्ध हूं। बाकी… समय स्वयं सबको जवाब दे देगा।

दरअसल, 6 जून को जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान शेखावत ने कहा था कि पश्चिम बंगाल का बहाना बनाकर गहलोत राजस्थान के पुराने जिन्न को बोतल से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। जब-जब कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट को कोई नई जिम्मेदारी या फिर पद देने का विचार करता है। तब-तब सचिन पायलट का रास्ता रोकने के लिए अशोक गहलोत बोतल से जिन्न को बाहर लेआते हैं। इस बयान के बाद ही दोनों नेताओं के बीच सियासी वार-पलटवार शुरू हो गई।

इसके जवाब में अशोक गहलोत ने कहा था कि शेखावत को अपना मंत्री पद बचाने की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि पायलट खेमे के विधायकों को मानेसर ले जाने की कथित साजिश में शेखावत और जफर इस्लाम की भूमिका रही थी। साथ ही उन्होंने वॉयस सैंपल को लेकर भी सवाल उठाए थे।

दोनों नेताओं के ताजा बयानों के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।