बीकानेर: सोलर प्लांट से लाखों का सामान चोरी, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज

बीकानेर/छतरगढ़। छतरगढ़ थाना क्षेत्र स्थित लाखुसर के वारी सोलर प्लांट में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश प्लांट परिसर से लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए। मामले में सिक्योरिटी गार्ड की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार खारी निवासी 25 वर्षीय कैलाश पुत्र शंकरलाल जाट, जो वर्तमान में लाखुसर वारी सोलर प्लांट में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है, ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 17 मई 2026 को अज्ञात चोर प्लांट परिसर से बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट के मुताबिक चोर करीब 17,800 मीटर कॉपर केबल (1.6 एमएम), दो ट्रांसफार्मरों से लगभग 3,700 लीटर तेल, 14 सोलर पीवी मॉड्यूल तथा चार शेड लाइट सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
घटना का पता चलने के बाद प्लांट प्रबंधन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिस पर छतरगढ पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और चोरी किए गए सामान की खरीद-फरोख्त से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।