बीकानेर: पिकअप की टक्कर से युवक गंभीर घायल; चालक के खिलाफ मामला दर्ज

post 583 (1)

बीकानेर। जसरासर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को लेकर घायल युवक के पिता ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कुचौर अगुणी निवासी पाबूसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया कि उनका पुत्र धनुसिंह 3 जून की रात अपने साथी दलीपसिंह के साथ मोटरसाइकिल से नोखा से गांव लौट रहा था। रात करीब 9 बजे अणखीसर और बेरासर के बीच दलीपसिंह किसी कार्यवश सड़क किनारे रुका, जबकि धनुसिंह मोटरसाइकिल के पास खड़ा था।

इसी दौरान एक पिकअप वाहन के चालक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए धनुसिंह को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।

घायल को पहले नोखा अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पीबीएम अस्पताल, बीकानेर के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घायल का उपचार अभी भी जारी है।

परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि पुत्र के उपचार में व्यस्त रहने के कारण मामला तत्काल दर्ज नहीं कराया जा सका। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।