Road Accident: ट्रेलर ने कार, बाइक और बुजुर्ग को मारी टक्कर, एक की मौत, 6 घायल

post 556 (1)

Road Accident: धौलपुर, जिले के सैपऊ थाना क्षेत्र में एनएच-123 पर उमरारा गांव के पास शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी कार, बाइक और चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

थाना प्रभारी प्रवेंद्र कुमार रावत ने बताया कि मृतक प्रेम प्रधान कुशवाह के शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु:-

जानकारी के अनुसार कार सवार श्रद्धालु खाटू श्याम के दर्शन कर ग्वालियर लौट रहे थे। उमरारा गांव के पास उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक भी वहां रुका हुआ था, जबकि पास ही एक 80 वर्षीय बुजुर्ग चारपाई पर आराम कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धौलपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर सामने चल रही पिकअप को ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी कार, बाइक तथा चारपाई को टक्कर मार दी।

युवक की मौके पर मौत, छह घायल:-

हादसे में 24 वर्षीय प्रेम प्रधान कुशवाह पुत्र राजेंद्र कुशवाह निवासी विक्रमपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार अमित कुमार (26), प्रदीप कुमार (36), हरेंद्र कुमार (35), प्रिया गुप्ता (35), चार वर्षीय मासूम मिस्टी और चारपाई पर सो रहे 80 वर्षीय बछू सिंह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।