स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही थीं संदिग्ध गतिविधियां, पुलिस ने 8 को दबोचा

जयपुर। राजधानी जयपुर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संचालकों, तीन युवतियों और तीन ग्राहकों समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पत्रकार कॉलोनी क्षेत्र में स्थित कुछ स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। शिकायतों और गोपनीय सूचना के आधार पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्पा सेंटरों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने सबसे पहले ‘लग्जरी स्पा सेंटर’ पर दबिश दी। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने पर पुलिस ने संचालक अजय वर्मा को हिरासत में लिया। इसके साथ ही मौके पर मौजूद तीन युवतियों तथा दो ग्राहकों प्रकाश और श्रीकांत को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से कई दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
इसके बाद पुलिस टीम ने पत्रकार कॉलोनी में ही संचालित ‘ईला स्पा सेंटर’ पर भी छापा मारा। यहां से संचालक सुनील और कर्मचारी विकास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में संचालित अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी भी सेंटर में नियमों का उल्लंघन या गैरकानूनी गतिविधियां पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।