राजस्थान के BJP MLA रेवंतराम डांगा पर जानलेवा हमला, खुद 25 KM पीछा कर बदमाशों को दबोचा!

राजस्थान के नागौर जिले की खींवसर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक रेवंतराम डांगा पर डीडवाना-कुचामन जिले के नावां क्षेत्र में जानलेवा हमले का प्रयास किया गया है। घटना उस समय हुई जब विधायक डांगा अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से क्षेत्र से गुजर रहे थे। गोविंद टोल नाके के समीप अचानक एक तेज रफ्तार कैंपर गाड़ी ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। विधायक पक्ष की ओर से पुलिस को दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश होने की आशंका जताई गई है।
आरोप है कि घटना में शामिल लोग पूरी तैयारी के साथ कई वाहनों में आए थे। विधायक पक्ष का दावा है कि जिस समय कैंपर गाड़ी ने फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी, उसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आगे चल रही थी, जो कथित तौर पर कैंपर वाहन के लिए रास्ता साफ (एस्कॉर्ट) करने का काम कर रही थी।
पूरी प्लानिंग से घेरी गई MLA की कार !
जानकारी के अनुसार 4 जून 2026 की रात विधायक रेवंतराम डांगा का काफिला नावां क्षेत्र से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान गोविंद टोल नाके के आसपास मौजूद कुछ युवकों ने अपने वाहनों की रफ्तार बढ़ा दी।चश्मदीदों के अनुसार हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने व्यस्त हाईवे पर विधायक की चलती हुई कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ाने की कोशिश की और नाकाम रहने पर साइड से जोरदार टक्कर मार दी ताकि विधायक की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट जाए।
विधायक के सुरक्षाकर्मियों और समर्थकों का कहना है कि घटनास्थल पर मौजूद वाहनों की गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही थीं। उनका दावा है कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी लगातार कैंपर के साथ चल रही थी और कथित तौर पर अन्य वाहनों को प्रभावित करते हुए उसे आगे बढ़ने में मदद कर रही थी। टक्कर के बाद विधायक की फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि विधायक रेवंतराम डांगा और उनके चालक सुरक्षित रहे।
खुद किया पीछा, 25 किलोमीटर दूर दबोचा!
घटना के बाद संदिग्ध वाहन मौके से डीडवाना की ओर भागने लगे। विधायक पक्ष के अनुसार रेवंतराम डांगा ने अपने समर्थकों और सुरक्षा कर्मियों के साथ तत्काल उनका पीछा किया। बताया जा रहा है कि देर रात हाईवे पर लगभग 25 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोक लिया गया।
विधायक पक्ष का दावा है कि पीछा कर रही टीम ने नावां से करीब 25 किलोमीटर दूर वाहन को घेर लिया। हालांकि टक्कर मारने वाली मुख्य कैंपर गाड़ी मौके से फरार होने में सफल रही। इसके बाद पूरे घटनाक्रम की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।
पुलिस जाब्ता तैनात, समर्थकों में नाराजगी:-
भाजपा विधायक से जुड़े इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नागौर पुलिस अधीक्षक प्यारेलाल श्योराणा ने देर रात घटनास्थल का दौरा किया। उनके साथ पुलिस जाब्ता और क्यूआरटी टीम भी मौजूद रही।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर पकड़े गए वाहन का निरीक्षण किया तथा स्थानीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही खींवसर, नागौर, कुचामन और डीडवाना क्षेत्र के बड़ी संख्या में समर्थक नावां थाना और गोविंद टोल नाके के पास पहुंच गए। समर्थकों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
चालक की शिकायत पर मामला दर्ज:-
मामले में विधायक रेवंतराम डांगा के चालक की ओर से नावां थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और उसमें सवार लोगों से पूछताछ की जा रही है।
अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि यह मामला सामान्य सड़क दुर्घटना या रोड रेज से जुड़ा था अथवा इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी। पुलिस अधिकारी गोविंद टोल नाके और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। साथ ही हाईवे पर लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जुटाई जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके और मामले की वास्तविकता सामने आ सके।