दर्दनाक हादसा: खेत से मवेशी भगाते समय फिसला पैर, कुएं में गिरने से बालक की मौत

post 535 (1)

हिण्डौनसिटी (करौली)। सूरौठ थाना क्षेत्र के कोटवास गांव में एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय बालक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालक खेत में घुसे आवारा पशुओं को भगाने गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में जा गिरा। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान कोटवास निवासी इलियास पुत्र सत्तार के रूप में हुई है। परिजन कानूनी कार्रवाई न चाहते हुए शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ले गए।

कोटवास के प्रशासक लोकेश जाटव व परिजनों ने बताया कि घर से महज 300 मीटर दूर इलियास सुबह अपने खेतों में खड़ी पशुचारे(ज्चार कर चरी) की फसल की देखरेख के लिए गया था। इसी दौरान कुछ आवारा पशु खेत में घुस गए। उन्हें बाहर निकालने के प्रयास में उसका पैर फिसल गया और वह करीब 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में लगभग 15 फीट पानी भरा होने से वह डूब गया।

घटना का पता तब चला जब पास में कचरा डालने गई एक महिला और वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने कुएं में गिरने की आवाज सुनी। उन्होंने अंदर झांककर देखा तो बालक पानी में दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सूरौठ थाना प्रभारी कालीचरण शर्मा और जगर चौकी प्रभारी हरीराम भी मौके पर पहुंचे। इलियास दो भाइयों में बड़ा था और कक्षा आठवीं में अध्ययनरत था। उसके पिता सत्तार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।