Rajasthan Crime: कांस्टेबल ने दोस्त के साथ बैठे छोटे भाई को मारा चाकू, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

प्रतापगढ़। जिले के अरनोद थाना क्षेत्र स्थित नागदेड़ा गांव में पारिवारिक विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। राजस्थान पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल पर अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला करने का आरोप है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गर्दन पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी कॉन्स्टेबल को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नागदेड़ा निवासी मुकेश मीणा अपने मित्र मनीष मीणा के साथ गांव के बाहर एक पुलिया पर बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कैलाश मीणा वहां पहुंच गया। कैलाश वर्तमान में हथुनिया थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसे लेकर पहले भी कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर पहुंचने के बाद दोनों भाइयों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान कैलाश ने चाकू निकालकर मुकेश पर हमला कर दिया। हमले में मुकेश की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही अरनोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि दोनों भाई अलग-अलग रह रहे थे और उनके बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।