हाईटेंशन लाइन का तार टूटा, बाइक सवार 2 जिंदा जले, आग लगने से बाइक भी जल गई

हाईटेंशन लाइन का तार टूटा, बाइक सवार 2 जिंदा जले, आग लगने से बाइक भी जल गई
अलवर जिले में सड़क पर गिरे हाईटेंशन लाइन के तार की चपेट में आने से 2 व्यक्ति जिंदा जल गए। बाइक सवार दोनों व्यक्तियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उनकी बाइक भी जलकर खाक हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर टहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाए।
घटना से नाराज ग्रामीण अस्पताल के बाहर जुट गए और प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीणों ने कहा- हादसे के बाद बिजली विभाग का कोई अधिकारी मौके पर नहीं आया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपए मुआवजा और संविदा पर नौकरी देने की मांग की। हादसा टहला थाना क्षेत्र के धीरोडा-दरोगाला रोड पर सोमवार शाम करीब 4 बजे हुआ। पुलिस ने कलेक्टर के आदेश पर दोनों शव का रात को ही पोस्टमॉर्टम करवा दिया।