टॉय ट्रेन से गिरी 5 साल की बच्ची, मौत, गर्दन के ऊपर से निकला पहिया

टॉय ट्रेन से गिरी 5 साल की बच्ची, मौत, गर्दन के ऊपर से निकला पहिया
जोधपुर में परिवार के साथ मंडोर गार्डन में घूमने गई 5 साल की बच्ची टॉय ट्रेन से गिर गई। इस दौरान ट्रेन का पहिया उसकी गर्दन के ऊपर से निकल गया और मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया कि टॉय ट्रेन के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बच्ची उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई। हम चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर ने ट्रेन नहीं रोकी। बच्ची को बचाने की कोशिश में चचेरी बहन घायल हो गई। हादसा 31 मई को शाम करीब 6 बजे हुआ था। परिजन दोनों को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्ची के पिता ने मंडोर थाने में ट्रेन संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। मृतक बच्ची के पिता मोहम्मद हबीब निवासी बरकत साहब की हवेली बंबा स्कूल, जोधपुर ने बताया- 31 मई को परिवार के साथ मंडोर गार्डन घूमने गया था। मेरे साथ पत्नी अफसाना, बेटी अनायरा, भाभी शहनाज और भतीजी मुस्कान (20) भी थी। शाम 6 बजे हम टॉय ट्रेन में बैठे थे। अनायरा अपनी मां और बड़ी मम्मी के साथ बैठी थी। मंडोर स्थित काला-गोरा भैरूजी मंदिर से पहले टॉय ट्रेन के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगते ही अनायरा उछलकर ट्रेन से नीचे गिर गई। हबीब ने बताया- अनायरा के नीचे गिरते ही हम सब एक साथ चिल्लाए और ड्राइवर को ट्रेन रोकने के लिए कहा, लेकिन उसने ट्रेन नहीं रोकी। इस दौरान ट्रेन का पहिया अनायरा की गर्दन के ऊपर से निकल गया। अनायरा को बचाने की कोशिश में मुस्कान भी घायल हो गई।