दर्दनाक हादसा: करंट लगने से पति-पत्नी की मौत, चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

रामगढ़ (अलवर)। बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र के बेरेबास गांव में करंट लगने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार महेंद्र जाटव (42) की पत्नी रामेश्वरी (38) खेत पर बोरवेल की मोटर बंद करने गई थी। बारिश के कारण खेत में नमी बनी हुई थी। इसी दौरान स्टार्टर को छूते ही वह करंट की चपेट में आ गई। पत्नी को बचाने के लिए दौड़े महेंद्र ने जैसे ही उसे छुड़ाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया।
घटना के समय पास में मौजूद दंपती के चार बच्चे—तीन बेटियां और एक बेटा—घबरा गए और मदद के लिए चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों से ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवाई।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रामेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में महेंद्र को अलवर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। बाद में शव को वापस रामगढ़ अस्पताल लाया गया।
परिजनों के अनुसार महेंद्र अपने माता-पिता और भाई से अलग खेत पर बनी झोपड़ी में पत्नी और चार बच्चों के साथ रहता था। खेती और मजदूरी कर वह परिवार का पालन-पोषण करता था। इस हादसे के बाद चार बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना मिलने पर बगड़ तिराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को रामगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।