Road Accident: ट्रक और कार की आमने-सामने भीषण भिडंत, कार सवार चार लोगों की दर्दनाक मौत

post 473 (1)

नागौर। शहर के रिंग रोड स्थित बासनी पुलिया के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। बेकाबू ट्रक और ऑल्टो कार की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं, एक पुरुष और एक बच्चे की मौत हो गई। मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है, हालांकि उनके जोधपुर निवासी होने की आशंका जताई जा रही है।

टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी:-

सदर थाना प्रभारी सुरेश कंस्वा के अनुसार बासनी पुलिया के पास ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग सुलग उठी, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद:-

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गई।

पहचान और जांच में जुटी पुलिस:-

पुलिस ने चारों शवों को मोर्चरी में रखवाया है। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी और वाहन नंबर के आधार पर उनके जोधपुर निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

You may have missed