अवैध संबंधों का विरोध करने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

post 471 (1)

श्रीगंगानगर। सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव मानेवाला में एक विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति, सास और जेठानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के पीहर पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष लंबे समय से विवाहिता को प्रताड़ित कर रहा था।

सदर थानाधिकारी रामकुमार लेघा के अनुसार रायसिंहनगर तहसील के 44 पीएस निवासी सतपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन वीना बाई (28) का विवाह करीब आठ वर्ष पहले मानेवाला निवासी जसविंद्र सिंह से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति शराब पीकर पत्नी के साथ मारपीट करता था।

अवैध संबंध को लेकर विवाद का आरोप:-

पीहर पक्ष का आरोप है कि पति के किसी अन्य महिला से संबंध को लेकर घर में विवाद रहता था। इस मामले को लेकर कई बार पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि पति जसविंद्र सिंह, सास पाशो बाई और जेठानी परमजीत कौर द्वारा विवाहिता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और धमकियां दी जाती थीं।

गला दबाने का आरोप, इलाज के दौरान बिगड़ी तबीयत:-

23 मई को जब पीहर के लोग वीना बाई के ससुराल पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सास और जेठानी ने उसके हाथ-पैर पकड़ रखे थे तथा पति उसके मुंह में चुन्नी डालकर छाती पर बैठा गला दबा रहा था। परिजनों ने उसे छुड़ाकर रायसिंहनगर ले जाकर उपचार कराया। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई।

महिला का पहले रायसिंहनगर और बाद में श्रीगंगानगर के अस्पतालों में उपचार कराया गया। 29 मई को उसे बीकानेर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में लूणकरणसर के पास उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।

समझाइश के बाद हुआ पोस्टमार्टम:-

शनिवार सुबह उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर दोनों पक्षों के लोग एकत्रित हुए। पीहर पक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा रहा। बाद में डीएसपी प्रतीक मील व सदर थानाधिकारी रामकुमार लेघा ने दोनों पक्षों से समझाइश की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया।

पुलिस ने मृतका के भाई सतपाल सिंह की रिपोर्ट पर पति जसविंद्र सिंह, सास पाशो बाई और जेठानी परमजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may have missed