राजस्थान: ACB की बड़ी कार्रवाई, प्लेसमेंट एजेंसी संचालक 40 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

जयपुर। राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर ‘मैसर्स डायनेमिक मैनपावर एंड सिक्योरिटी सर्विसेज’ के प्रोपराइटर अनिल कुमार को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लेसमेंट एजेंसी का संचालक है और संविदा कर्मचारियों से काम के बदले मोटी रकम की डिमांड कर रहा था।
एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के अनुसार, एसीबी चौकी एसयू-प्रथम जयपुर में आरोपी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि परिवादिया को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जयपुर-द्वितीय के टेंडर के माध्यम से चाकसू स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (गरुड़वासी) में संविदा पर नियुक्त किया गया था।
आरोप है कि प्लेसमेंट एजेंसी संचालक अनिल कुमार पीएफ और ईएसआई कटौती के बाद परिवादिया को हर महीने 6300 रुपये का भुगतान करता था। इसी दौरान परिवादिया ने अपने यूएएन नंबर, पीएफ और ईएसआई को कर्मचारी आईडी और सर्विस प्रोफाइल से लिंक करने की मांग की। इस जायज काम को करने के बदले आरोपी अनिल कुमार ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया और काम करने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी
शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने मामले की जांच की, जिसमें आरोपी 40 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद एसीबी टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवादिया का संबंधित कार्य लंबित था। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके ठिकानों और अन्य दस्तावेजों की जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।