Road Accident: खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत

post 457 (1)

Road Accident: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिड़ावा क्षेत्र में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा बांसखेड़ी गांव के पास हुआ, जहां सड़क किनारे पंचर होने के कारण एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान पिड़ावा से अपने गांव लौट रहे दो युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे और अंधेरा अधिक होने के कारण ट्रॉली का समय पर पता नहीं चल पाने के कारण उनकी बाइक पीछे से सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर लौटते समय हुआ हादसा:-

घटना की सूचना मिलते ही पिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत पिड़ावा उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान दुर्गालाल (30) पुत्र भगवान लाल मेघवाल निवासी ढाबला भोज और भरत सिंह (19) पुत्र विक्रम सिंह सोंधिया राजपूत निवासी बांसखेड़ी थाना पिड़ावा के रूप में हुई है। दोनों युवक अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

परिजनों में मचा कोहराम:-

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंच गए। शवों को देखकर परिवार के लोग बिलख पड़े और दोनों परिवारों में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी जारी है। प्रारंभिक जांच में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।