बीकानेर: पूर्व मंत्री खाली मटका लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, बोले- विधायक को कितने जलाशय स्वीकृत हैं यह भी नहीं पता

12

बीकानेर: पूर्व मंत्री खाली मटका लेकर पहुंचे कलेक्ट्रेट, बोले- विधायक को कितने जलाशय स्वीकृत हैं यह भी नहीं पता

बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शुक्रवार को शहर में बिगड़ी जलापूर्ति व्यवस्था, बढ़ती महंगाई, डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के साथ-साथ बिजली-पानी की अव्यवस्था के विरोध में मटका फोड़ प्रदर्शन किया गया। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार को महंगाई और मूलभूत सुविधाओं की समस्या के लिए जिम्मेदार बताया। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने कहा कि दिल्ली में रिफायनरी से 56 रुपए प्रति लीटर तेल आ रहा है और उस पर 30 रुपए एक्साइज ड्यूटी लग रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सबसे ज्यादा एक्साइज ड्यूटी लग रही है। उनके अनुसार कांग्रेस सरकार के समय पेट्रोल 56 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था, जबकि अब इसकी कीमत लगभग दोगुनी हो गई है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस के दाम भी इसी तरह बढ़े हैं। कांग्रेस सरकार ने पहले वेट घटाकर पेट्रोल-डीजल के दाम कम किए थे और वर्तमान सरकार को भी ऐसा करना चाहिए। पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन में प्रदेश पदाधिकारी, पीसीसी सदस्य, जिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, इंटक, वार्ड अध्यक्ष, पार्षद और पार्षद प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।