राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी-बारिश का अलर्ट, गर्मी से मिलेगी राहत

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 29 से 31 मई के बीच कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।
मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और मध्यम से तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार को पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश का असर देखने को मिला। वहीं श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। चूरू, पिलानी, कोटा और जैसलमेर में भी तापमान 46 डिग्री के पार पहुंच गया, जबकि जयपुर में पारा 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि 30 और 31 मई को पश्चिमी विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है। इस दौरान तेज हवाएं, मेघगर्जन, वज्रपात और अच्छी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
विशेषज्ञों के अनुसार आंधी और बारिश के चलते तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है। जून के पहले सप्ताह में भी कई इलाकों में मौसम का यह बदलाव जारी रह सकता है।