जनगणना कार्य से लौटे शिक्षक की अचानक बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

भरतपुर के हलैना कस्बे में कार्यरत एक शिक्षक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय भवानी सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झुंझुनू जिले की नवलगढ़ तहसील के ढाका की ढाणी गांव के निवासी थे। वह बेवर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और हलैना में किराए के मकान में रहते थे।
जानकारी के अनुसार भवानी सिंह 28 मई को जनगणना कार्य पूरा कर देर शाम घर लौटे थे। घर पहुंचने के कुछ देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिसके बाद मकान मालिक और पड़ोसी उन्हें तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर 29 मई को झुंझुनू से उनके परिवारजन हलैना पहुंचे। परिजनों ने हलैना थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शिक्षक की अचानक मौत की खबर से स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।