बीकानेर: ट्रैक्टर चालक के साथ मारपीट, अस्पताल में भर्ती

post 454 (1)

बीकानेर। रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब ट्रैक्टर चालक पर अचानक कुछ लोगों ने हमला कर दिया। लोहे की रॉड और सरियों से किए गए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार घड़सीसर निवासी अल्फाक बुधवार शाम ट्रैक्टर लेकर सुदर्शना नगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह इंडस्ट्रियल एरिया गली नंबर 5 के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और उस पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल को किसी तरह अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोटगेट थाने में मामला दर्ज करवाया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले इसी क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में उसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश की बात सामने आ रही है, जिसके चलते मारपीट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।