बीकानेर: खल से भरा ट्रेलर पलटा, गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-911 पर एक ट्रक ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने का मामला सामने आया है। हादसा दूध डेयरी के पास हुआ, जहां खल से भरा ट्रेलर अचानक सड़क पर पलट गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर बीकानेर से अनूपगढ़ की ओर जा रहा था और उसमें खल भरी हुई थी। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन चालक ने सड़क पर आई गाय को बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि इसी स्थिति में ट्रेलर चालक का संतुलन बिगड़ गया और ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे की सूचना मिलने पर छतरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को संभालते हुए मार्ग को सुचारू कराया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।