बीकानेर के मार्ट में भीषण आग, लाखों का सामान जला, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी

4

बीकानेर के मार्ट में भीषण आग, लाखों का सामान जला, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी

बीकानेर शहर के बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित केयर मार्ट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मार्ट में घरेलू उपयोग का सामान बेचने के लिए रखा हुआ था। ये सारा सामान ही जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब पांच बजे मार्ट संचालक को प्रतिष्ठान से धुआं उठने और आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस को अवगत कराया।

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों और धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर बीछवाल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।