Road Accident: गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित कार बस से टकराई, एक ही परिवार के तीन लोग घायल

post 433 (1)

Road Accident: श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना अमरपुरा इलाके में उस समय हुई जब सड़क पर अचानक गाय आ जाने से कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही लोक परिवहन बस से टकरा गई।

जानकारी के अनुसार पीलीबंगा क्षेत्र के लोंगेवाला निवासी दर्शन सिंह पुत्र सुखदेव सिंह अपनी पत्नी बिंद्रा कौर और बहन गुरविंदर कौर के साथ रिश्तेदारी में बाजूवाला जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार अमरपुरा के पास पहुंची, तभी अचानक सड़क पर गाय आ गई।

गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान सामने से आ रही बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर कार में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला और सूरतगढ़ के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।