राजस्थान: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से करोड़ों की नकदी जब्त; पढ़े खबर

post 434 (1)

राजस्थान: कोटा जिले के चेचट थाना पुलिस ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। पुलिस ने गुजरात निवासी दो व्यक्तियों के कब्जे से करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये जब्त किए हैं। नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर पुलिस ने राशि जब्त कर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी। मामले की जांच जारी है।

पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों और अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और वृताधिकारी रामगंजमंडी घनश्याम मीणा के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।। टीम में प्रोबेशनर आरपीएस अंकित कुड़ी, चेचट थानाधिकारी उत्तम सिंह सहित पुलिस जाप्ता शामिल था।

थाना अधिकारी उत्तम सिंह के अनुसार, एक्सप्रेस-वे पर नियमित चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसे देखकर मौके पर मौजूद पुलिस टीम भी हैरान रह गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार सवार दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों व्यक्ति नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक दस्तावेज या जानकारी प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कार की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान चालक और सह-चालक सीट के नीचे बने दो बॉक्सों से नकदी बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी राशि के स्रोत और उद्देश्य को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने नकदी को जब्त कर आगे की जांच आयकर विभाग के साथ शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी राशि कहां से लाई गई और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। साथ ही किसी अवैध लेनदेन या गतिविधि की आशंका को भी जांच के दायरे में लिया गया है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल राजेंद्र की अहम भूमिका रही।