RPSC ने जारी किया RAS भर्ती-2026 का नोटिफिकेशन, 607 पदों पर होगी भर्ती

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने RAS भर्ती-2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 607 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें राज्य सेवा के 192 और अधीनस्थ सेवा के 415 पद शामिल हैं। अभ्यर्थी 4 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 3 जुलाई 2026 रात 12 बजे तक है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन आवेदन मान्य नहीं होंगे। प्रारंभिक परीक्षा वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) और मुख्य परीक्षा वर्णनात्मक (डिस्क्रिप्टिव) स्वरूप में आयोजित होगी। परीक्षा का पाठ्यक्रम 9 जनवरी 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रभावी रहेगा। परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी। विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।