IMD Alert: राजस्थान में 28 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज आंधी और बारिश की संभावना

जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार चल रही हीटवेव से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 28 मई से मौसम का रुख बदलने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके असर से राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी, मेघगर्जन, बिजली चमकने और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार 29 और 30 मई को इसका प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि 29 मई के बाद मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
28 मई को 60 KMPH की रफ्तार से आंधी का अलर्ट:-
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार 28 मई को जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, दौसा, भरतपुर और डीग सहित पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हीटवेव के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, नागौर और डीडवाना-कुचामन जिलों के लिए भी इसी तरह की चेतावनी जारी हुई है।
29 मई को इन जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:-
29 मई को पूर्वी राजस्थान के अलवर, बारां, बूंदी, डीग, झालावाड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़ और सीकर जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी आंधी, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
30 मई को इन जिलों में अलर्ट:-
30 मई को पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर, सीकर और टोंक जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट रहेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है।
जून के पहले सप्ताह में बारिश की चेतावनी:-
मौसम विभाग के अनुसार मई के अंत के बाद भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। जून के पहले सप्ताह में भी राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।